देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देहरादून पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, करन माहरा, काजी निजामुद्दीन, डॉ. हरक सिंह रावत, प्रकाश जोशी, भुवन कापड़ी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राहुल गांधी को बदरीनाथ धाम की पारंपरिक भोजपत्र की माला भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद प्रीतम सिंह, काजी निजामुद्दीन, करन माहरा, डॉ. हरक सिंह रावत, प्रकाश जोशी और भुवन कापड़ी ने भी पुष्पगुच्छ व स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया। एयरपोर्ट परिसर राहुल गांधी के समर्थन में लगे नारों से गूंज उठा।
राहुल गांधी इसके बाद दिवंगत कांग्रेस नेता अमर मेहता के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ बैठक की और फिर बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों एवं युवाओं से संवाद के लिए रवाना हुए।
कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। पार्टी का दावा है कि प्रदेशभर से बड़ी संख्या में छात्र, युवा और कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देहरादून पहुंचे हैं। राहुल गांधी का यह संवाद मुख्य रूप से शिक्षा, पेपर लीक, रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित रहेगा।











