July 18, 2026 3:18 am

आज देहरादून पहुंचेंगे राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से करेंगे संवाद

देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज एक दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचेंगे। राजधानी देहरादून के बन्नू ग्राउंड में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम में वह छात्र-छात्राओं और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह तथा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह सहित वरिष्ठ नेता तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी आज खुले मंच से छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे तथा शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों का सबसे अधिक असर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और बेरोजगारों पर पड़ा है।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देशभर के युवाओं की आवाज को बुलंद करने के उद्देश्य से छात्रों की गूंज अभियान चला रहे हैं और कोटा के बाद आज देहरादून में इसका आयोजन किया जा रहा है।

कांग्रेस का दावा है कि प्रदेशभर से बड़ी संख्या में छात्र, युवा और पार्टी कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल होंगे। पार्टी नेताओं के अनुसार यह कार्यक्रम युवाओं के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें