June 27, 2026 7:40 am

कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा की नेताओं को नसीहत, कहा- बयानबाजी में रखें संयम, गुटबाजी से रहें दूर

चमोली। उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया। चमोली दौरे के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेताओं को सार्वजनिक बयानबाजी में संयम बरतने और कार्यकर्ताओं को गुटीय राजनीति से दूर रहने की नसीहत दी।

शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, प्रीतम सिंह, लखपत बुटोला समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान कुमारी शैलजा ने कहा कि प्रदेश में बदलाव का माहौल बन रहा है और जनता अब कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से लोगों की उम्मीदें कम होती जा रही हैं और प्रदेश में कांग्रेस के लिए बेहतर माहौल तैयार हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर जनसरोकारों के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।

“गुटीय वर्चस्व से दूर रहें कार्यकर्ता”

कुमारी शैलजा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और पार्टी को सत्ता में वापस लाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की होगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को गुटीय वर्चस्व और आपसी खींचतान से दूर रहकर संगठन को मजबूत करना चाहिए।

उन्होंने बड़े नेताओं को भी बयानबाजी में संयम बरतने की सलाह देते हुए कहा कि नेताओं के बयानों का सीधा असर कार्यकर्ताओं पर पड़ता है। इसलिए अनुशासन और संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखना जरूरी है।

भाजपा सरकार पर लगाए आरोप

कांग्रेस प्रभारी ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाया जा रहा है और विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं, लेकिन उन्हें संसद में बोलने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया जा रहा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब संघर्ष की भूमिका में उतरना होगा और जनता के बीच सक्रिय होकर विश्वास मजबूत करना होगा। कुमारी शैलजा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगा।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें