देहरादून: देहरादून में डिजिटल प्रशासन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कलेक्ट्रेट स्थित नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) कार्यालय का आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप कायाकल्प किया गया है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने शनिवार को नव-नवीनीकृत एनआईसी कार्यालय का उद्घाटन किया।
कार्यालय के आधुनिकीकरण के तहत जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी समेत तकनीकी स्टाफ और ऑपरेटरों के लिए आधुनिक कार्यस्थल और आवश्यक संसाधन विकसित किए गए हैं। नई तकनीकी सुविधाओं से कार्यालय की कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित, तेज और प्रभावी होने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि एनआईसी शासन और प्रशासन की डिजिटल व्यवस्था की अहम कड़ी है। कार्यालय के सुदृढ़ होने से ई-गवर्नेंस से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय भी बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण कार्यों के संचालन में भी यह व्यवस्था काफी मददगार साबित होगी।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित प्रशासनिक व्यवस्था से आम जनता तक सरकारी सेवाएं अधिक पारदर्शिता और दक्षता के साथ पहुंचाई जा सकेंगी। इससे डिजिटल इंडिया अभियान को भी मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर एनआईसी अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई सुविधाओं से कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और डिजिटल सेवाओं के संचालन में आसानी आएगी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, एसडीएम सदर कुमकुम जोशी, एनआईसी राज्य इकाई प्रमुख अरविंद कुमार दाधीचि, अपर राज्य सूचना विज्ञान अधिकारी राजीव जोशी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डे सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।











