August 20, 2026 5:08 pm

ओलंपिक-2036 के लिए उत्तराखंड ने कसी कमर, वैज्ञानिक तरीके से चुने जाएंगे खिलाड़ी, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश

देहरादून: ओलंपिक-2036 को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड सरकार ने खेल प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने की तैयारी तेज कर दी है। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने खेल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों और क्षमता के अनुरूप खेलों की पहचान करने तथा प्रतिभावान खिलाड़ियों को वैज्ञानिक तरीके से प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे खेलों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, जिनमें प्रदेश के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने विभाग को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए।

वैज्ञानिक तरीके से होगा प्रतिभाओं का चयन

मुख्य सचिव ने प्रतिभाओं की पहचान के लिए व्यापक स्तर पर प्रतिभा खोज कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। उन्होंने खिलाड़ियों के चयन के लिए मजबूत और वैज्ञानिक प्रणाली विकसित करने पर जोर दिया, ताकि प्रतिभाओं का चयन पारदर्शी एवं तय मानकों के आधार पर हो सके।

उन्होंने प्रारंभिक चरण में 100 से 150 प्रतिभावान बच्चों को चिन्हित कर तत्काल प्रशिक्षण शुरू करने के निर्देश दिए। चयनित खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण, कोचिंग, फिटनेस और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

स्कूल स्तर से तैयार होंगी खेल प्रतिभाएं

मुख्य सचिव ने कहा कि खेल प्रतिभाओं की पहचान स्कूल स्तर से ही की जानी चाहिए। इसके लिए विद्यालयों में कार्यरत शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशकों को प्रशिक्षित और जागरूक करने पर जोर दिया गया, ताकि वे बच्चों की प्रतिभा पहचानकर उसे निखारने में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

उन्होंने खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशिक्षकों की क्षमता बढ़ाने को भी जरूरी बताया। वर्तमान में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अच्छे प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाकर भविष्य के प्रशिक्षक के रूप में तैयार करने की दिशा में भी काम करने के निर्देश दिए गए।

तय होगी समयसीमा, होगी नियमित निगरानी

मुख्य सचिव ने बच्चों की पहचान, प्रशिक्षकों की उपलब्धता और प्रशिक्षण शुरू करने की पूरी प्रक्रिया की समयसीमा अभी से निर्धारित करने को कहा। प्रत्येक चरण के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय कर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि ओलंपिक-2036 को ध्यान में रखते हुए प्रतिभाओं को अभी से पहचानकर वैज्ञानिक प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने होंगे। इससे उत्तराखंड के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जा सकेगा।

बैठक में विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. रणवीर सिंह चौहान और अपर सचिव नमामि बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें