August 20, 2026 5:06 pm

श्रीनगर मेयर के BJP में शामिल होने पर गोदियाल का तंज़, कहा – पहले भी भाजपा में थीं, वापस अपनी पार्टी में चली गईं,  पार्षदों को सोचना चाहिए था

देहरादून। श्रीनगर नगर निगम की निर्दलीय मेयर आरती भंडारी समेत 10 पार्षदों के भाजपा में शामिल होने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मेयर के भाजपा में शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आरती भंडारी पहले भी भाजपा से जुड़ी थीं और अब वापस भाजपा में चली गई हैं। उन्होंने कहा कि उनके भाजपा में जाने से कांग्रेस को कोई खास फर्क नहीं पड़ता।

गोदियाल ने कहा कि मेयर के साथ भाजपा में शामिल हुए पार्षदों को पार्टी में जाने से पहले सोच-विचार करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि इनमें अनुसूचित जाति वर्ग से आने वाले पार्षद भी शामिल हैं। ऐसे में उन्हें हाल ही में हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद भाजपा पर लगाए गए कथित शुद्धीकरण के आरोपों को ध्यान में रखना चाहिए था।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मौजूदा समय में दलित समाज के बीच कई मुद्दों को लेकर असंतोष है। ऐसे समय में पार्षदों का भाजपा में शामिल होना उनके राजनीतिक हितों को प्राथमिकता देने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर जीत हासिल करने के बाद भाजपा में शामिल होना जनता के प्रति जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े करता है।

खड़गे की रैली को लेकर मुख्यमंत्री पर निशाना

गणेश गोदियाल ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के दौरान आपत्तिजनक नारे लगाए जाने के मुख्यमंत्री के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने आरोपों को प्रमाणित करना चाहिए। गोदियाल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बिना प्रमाण के बयान दे रहे हैं।

मेयर और 10 पार्षदों के भाजपा में शामिल होने के बाद श्रीनगर की स्थानीय राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा शुरू हो गई है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस घटनाक्रम को कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें