June 24, 2026 4:57 am

उत्तराखंड के दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी, सचिन कुर्वे बने चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी के चेयरपर्सन

देहरादून: उत्तराखंड कैडर के दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को केंद्र सरकार में अहम जिम्मेदारियां मिली हैं। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सचिन कुर्वे को चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है, जबकि आईएएस सेंथिल पांडियन को भारत सरकार के पेयजल विभाग में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

केंद्र सरकार की नियुक्ति समिति द्वारा जारी आदेश के अनुसार 2003 बैच के आईएएस अधिकारी सचिन कुर्वे को चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी में जॉइंट सेक्रेटरी स्तर के चेयरपर्सन पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति पांच वर्ष की अवधि के लिए की गई है।

सचिन कुर्वे उत्तराखंड शासन में लंबे समय तक कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वह स्वास्थ्य और नागरिक उड्डयन जैसे अहम विभागों का कार्यभार देख रहे थे। उनकी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि सचिन कुर्वे चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी में वर्तमान चेयरपर्सन का स्थान लेंगे। चेन्नई पोर्ट देश के प्रमुख समुद्री बंदरगाहों में शामिल है और यह पद केंद्र सरकार में काफी अहम माना जाता है।

वहीं उत्तराखंड कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सेंथिल पांडियन को भी केंद्र सरकार में नई जिम्मेदारी दी गई है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात सेंथिल पांडियन को अब भारत सरकार के पेयजल विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है। प्रशासनिक अनुभव और परियोजनाओं के संचालन में उनकी भूमिका को देखते हुए यह नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इन नियुक्तियों के बाद उत्तराखंड शासन में प्रशासनिक फेरबदल की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। खासतौर पर स्वास्थ्य और नागरिक उड्डयन विभागों में नए अधिकारियों की तैनाती को लेकर प्रशासनिक हलकों में मंथन शुरू हो गया है।

सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार ने कुछ अन्य आईएएस अधिकारियों को भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किया है। ऐसे में आने वाले समय में उत्तराखंड कैडर के कुछ और अधिकारी केंद्र सरकार में नई जिम्मेदारियां संभालते नजर आ सकते हैं।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें