June 24, 2026 9:00 pm

बदरीनाथ-केदारनाथ और पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी, खालिस्तान और हरियाणा कनेक्शन की जांच तेज

देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड में धार्मिक स्थलों, सरकारी संस्थानों और पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। हरिद्वार नगर निगम और मसूरी नगर पालिका को भेजे गए ई-मेल में बदरीनाथ, केदारनाथ और ऋषिकेश सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। वहीं सोशल मीडिया पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम विस्फोट करने की धमकी देने वाली पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार हरिद्वार नगर निगम की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल भेजा गया, जिसमें हरिद्वार नगर निगम, ऋषिकेश, बदरीनाथ धाम और केदारनाथ ज्योतिर्लिंग को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई। मेल भेजने वाले ने खुद को कथित तौर पर खालिस्तान समर्थक बताते हुए बदले की बात भी लिखी है।

हरिद्वार नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि धमकी भरे मेल की सूचना तत्काल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को दे दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खुफिया विभाग भी जांच में जुट गया है।

दूसरी ओर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाली पोस्ट वायरल होने के बाद देहरादून पुलिस ने नगर कोतवाली और मसूरी थाने में मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार 22 जून को एक सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट किया गया कि “25 जून 2026 को उत्तराखंड के सभी थानों में धमाका होगा।”

प्रारंभिक जांच में इस पोस्ट का संबंध हरियाणा के अंबाला निवासी जसप्रीत सिंह से जुड़ा पाया गया है। पुलिस के अनुसार पोस्ट पहले इंस्टाग्राम पर डाली गई और बाद में उसे एक्स (पूर्व ट्विटर) तथा फेसबुक पर भी साझा किया गया। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। सुरक्षा एजेंसियां धमकी की सत्यता और इसके पीछे मौजूद नेटवर्क की जांच कर रही हैं।

एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि धमकी से संबंधित सभी डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया गया है और संबंधित अकाउंट की सत्यापन प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

धमकी के बाद चारधाम यात्रा मार्ग, धार्मिक स्थलों और प्रमुख सरकारी संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें