June 25, 2026 2:54 am

CM धामी के प्रमुख सचिव का प्रमोशन, भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव पैनल में हुआ चयन

देहरादून : उत्तराखंड सरकार में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव एवं वन, पर्यावरण तथा जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रमुख अधिकारी रमेश कुमार सुधांशु को भारत सरकार द्वारा अतिरिक्त सचिव (Additional Secretary) स्तर के पदों के लिए चयनित पैनल में शामिल किया गया है। इस उपलब्धि के साथ ही उनके लिए केंद्र सरकार के उच्च पदों पर नियुक्ति के द्वार खुल गए हैं।

1997 बैच के आईएएस अधिकारी रमेश कुमार सुधांशु उत्तराखंड कैडर से आते हैं। दो दशकों से अधिक के प्रशासनिक अनुभव में उन्होंने नीति-निर्माण, क्रियान्वयन और नेतृत्व के कई अहम आयामों में प्रभावशाली भूमिका निभाई है। वर्तमान में वे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रमुख सचिव होने के साथ-साथ राज्य के वन, पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन विभागों का भी नेतृत्व कर रहे हैं।

पर्यावरण नीति और प्रशासनिक कुशलता में विशिष्ट योगदान

रमेश कुमार सुधांशु की गिनती उन अधिकारियों में होती है जिन्होंने उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की रणनीतियों और वन विभाग के आधुनिकीकरण में अहम भूमिका निभाई है। उनकी नेतृत्व क्षमता और नीतिगत समझ ने उन्हें राज्य के प्रमुख प्रशासनिक चेहरों में स्थान दिलाया है।

रमेश कुमार सुधांशु ने विभिन्न परियोजना में निभाई अहम भूमिका

भारत सरकार द्वारा जारी किए गए पैनल में शामिल होना वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जाती है। इससे संबंधित अधिकारी को केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में अतिरिक्त सचिव जैसे उच्च पदों पर नियुक्ति का अवसर मिलता है। यह किसी भी अधिकारी के करियर में बड़ी जिम्मेदारी और प्रतिष्ठा का प्रतीक होता है।

सुधांशु के चयन पर प्रशासनिक हलकों में खुशी 

उनकी इस उपलब्धि पर उत्तराखंड के प्रशासनिक हलकों में भी हर्ष व्याप्त है। माना जा रहा है कि अगर उन्हें केंद्र सरकार में नियुक्ति मिलती है, तो वे अपनी कार्यकुशलता से राष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार समय-समय पर वरिष्ठ अधिकारियों के चयन के लिए पैनल तैयार करती है, जिसमें अधिकारियों के सेवा रिकॉर्ड, कार्य निष्पादन और अनुभव के आधार पर उनका चयन किया जाता है। सुधांशु का चयन उनकी योग्यता और प्रशासनिक योगदान का प्रमाण है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें