देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक अवसर पर उत्तराखंड में 12 से 14 जून तक राज्यव्यापी जनसंपर्क, जनजागरूकता और जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन कार्यक्रमों का आयोजन व्यापक जनसहभागिता और प्रभावी प्रचार-प्रसार के साथ किया जाए, ताकि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां आमजन तक पहुंच सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर में अचीवमेंट एग्जीबिशन (उपलब्धि प्रदर्शनी) आयोजित की जाएगी। इन प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं, विकास कार्यों, जनकल्याणकारी पहल और महत्वपूर्ण निर्णयों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे लोगों को विकास यात्रा की समग्र जानकारी मिल सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विकासखंड स्तर पर जन कल्याण शिविर लगाए जाएं, जहां आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर योजना, लखपति दीदी सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों और आम नागरिकों से संवाद स्थापित किया जाएगा। शिविरों में पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं के समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 जून को सभी जनपदों में जिला स्तरीय प्रेस वार्ताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रेस वार्ताओं के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित तथ्यपरक, सरल और जनोपयोगी प्रस्तुतीकरण तैयार किया जाए तथा इसे विभिन्न माध्यमों से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रभारी मंत्री अपने-अपने जिलों और क्षेत्रों में संवाद कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों और विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित कर सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी साझा की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना, जनकल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। राज्य सरकार भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में जनहित और विकास के संकल्पों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों का सफल, समन्वित और प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।











