May 15, 2026 5:24 pm

उत्तराखंड के हर ब्लॉक में विकसित होंगे आदर्श कृषि और उद्यान गांव, सीएम धामी ने दिए निर्देश

देहरादून: मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने राज्य के प्रत्येक विकासखंड में एक-एक आदर्श कृषि एवं उद्यान गांव विकसित करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में आयोजित उत्तराखण्ड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड की बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, जलवायु और भूमि की गुणवत्ता के अनुसार कृषि और बागवानी की योजनाएं तैयार की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि यह अध्ययन किया जाए कि किस क्षेत्र में कौन-सी फसल, फल या सब्जी बेहतर उत्पादन दे सकती है, ताकि योजनाबद्ध तरीके से कृषि विकास को नई दिशा दी जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत कम करने और कृषि उत्पादन में वृद्धि के लिए आगामी तीन वर्षों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी योजनाओं में किसानों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता होने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने Govind Ballabh Pant University of Agriculture and Technology समेत अन्य संस्थानों के सहयोग से प्रदेशभर में कृषि गोष्ठियों और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत तकनीक और बेहतर गुणवत्ता वाले बीज एवं पौध उपलब्ध कराए जाएं।

बैठक में मुख्यमंत्री ने तिलहन फसलों जैसे सरसों, तिल, सूरजमुखी और सोयाबीन के उत्पादन को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इससे कृषि विविधीकरण को मजबूती मिलेगी और किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री ने बायोगैस संयंत्र और सौर ऊर्जा संचालित पंपों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए। साथ ही किसानों को डिजिटल माध्यमों से अपनी उपज बेचने के लिए आवश्यक सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं और अधिक से अधिक किसानों को “लैब टू लैंड” कार्यक्रम से जोड़ा जाए, ताकि शोध और तकनीकी नवाचारों का सीधा लाभ किसानों तक पहुंच सके।

बैठक में उत्तराखण्ड मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार डब्बू, सचिव डॉ. एस.एन. पाण्डेय, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें