June 12, 2026 12:29 am

मोबाइल ने ली जान: मां ने बेटी के सिर पर मारी रॉड; कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रही थी युवती

जयपुर: जयपुर में मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर हुए विवाद के बाद मां ने कथित तौर पर बेटी के सिर पर रॉड से वार कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। इस दौरान महिला भी घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती की लाश को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है जबकि घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

मोबाइल छिपाने को लेकर मां-बेटी में हुआ विवाद

पुलिस ने बताया कि घटना बिंदायका थाना क्षेत्र के मुंडियारामसर की है और युवती की मां के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। बिंदायका थानाधिकारी भजनलाल ने बताया कि ब्रजेश सिंह की 22 वर्षीय बेटी निकिता सिंह  प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी और सोमवार को उसकी मां सीता मोबाइल छिपाकर काम पर चली गई। मोबाइल फोन छिपाने को लेकर मां-बेटी में विवाद हो गया और बात हाथापाई तक पहुंच गई जिसके बाद गुस्साई मां ने अपनी बेटी के सिर पर रॉड से वार कर दिया। भजनलाल ने बताया कि सिर में चोट लगने से निकिता बेहोश हो गई और उसे एसएमएस अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की

मां ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि लाश के गले पर किसी भी प्रकार का फांसी का निशान नहीं था। पुलिस को घटनास्थल पर एक साड़ी और खून के धब्बे मिले, जिससे मामला संदिग्ध हो गया।

थानाधिकारी ने बताया, ‘‘निकिता मोबाइल पर ज्यादा समय बिताती थी। इसी कारण करीब ढाई माह पहले भी उसके परिजनों ने मोबाइल छीन लिया था।’’ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’

(भाषा इनपुट्स के साथ)

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें