August 13, 2026 11:17 pm

दून विश्वविद्यालय में CM धामी ने युवाओं से किया संवाद, कहा – बदलती तकनीक के अनुरूप ‘फ्यूचर रेडी’ बनें युवा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके सवालों के जवाब दिए। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने पलायन रोकने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने, उत्तराखंड को उच्च शिक्षा का केंद्र बनाने, विज्ञान एवं तकनीक के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते प्रभाव और देहरादून में यातायात जाम की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे।

पलायन रोकने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब रिवर्स माइग्रेशन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और सौर स्वरोजगार योजना के साथ पर्यटन, उद्योग और फिल्म नीति के माध्यम से भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को मजबूत कर स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाने पर भी सरकार का विशेष ध्यान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में उच्च शिक्षा को मजबूत करने के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों के आधुनिकीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। इससे प्रदेश में विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे और युवाओं को आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

विज्ञान, तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में रोजगार की संभावनाओं से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी बदलावों के साथ रोजगार के स्वरूप में भी परिवर्तन हो रहा है। नई तकनीकों के कारण रोजगार के नए अवसर तेजी से सामने आ रहे हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि बदलती तकनीक के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करें और खुद को ‘फ्यूचर रेडी’ बनाएं। सरकार भी युवाओं को आधुनिक कौशल और नई तकनीकों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

देहरादून में यातायात जाम की समस्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इसके स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। बिंदाल और रिस्पना नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड के निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या से राहत दिलाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवा राज्य की सबसे बड़ी ताकत हैं। बदलती तकनीक और रोजगार के नए स्वरूप को देखते हुए युवाओं को लगातार अपने कौशल और ज्ञान को अपडेट करना होगा। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और नवाचार के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

 

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें