देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सहसपुर के भाऊवाला में आयोजित महिला संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम से लौटते समय प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन की स्थिति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति और तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता के मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दरअसल, 28 जुलाई को हुई भारी बारिश के बाद नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त हो गई थी। खास बात यह रही कि पुल का उद्घाटन इसके क्षतिग्रस्त होने से महज 16 दिन पहले हुआ था। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पुल की एप्रोच रोड के इतनी कम अवधि में टूटने को लेकर सवाल खड़े हुए थे।
एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने के बाद राज्य सरकार ने संबंधित विभागों को तत्काल राहत और पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। अधिकारियों और अभियंताओं ने तेजी से काम करते हुए करीब 12 घंटे में एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण पूरा किया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था को सामान्य किया गया।
मुख्यमंत्री ने पुनर्निर्माण कार्य में जुटे अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों के त्वरित प्रयासों की सराहना की। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
मामले में सरकार की ओर से जांच के बाद कार्रवाई भी की गई है। निर्माणदायी संस्था का लाइसेंस निलंबित किए जाने के साथ ही संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई थी। एप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने के बाद इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हुए थे। ऐसे में मुख्यमंत्री का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करना इस मामले में सरकार की गंभीरता के तौर पर देखा जा रहा है।











