June 17, 2026 12:39 am

CM धामी ने किया कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ, पौड़ी को दी 110 करोड़ की 19 विकास योजनाओं की सौगात

पौड़ी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पौड़ी गढ़वाल दौरे के दौरान श्रीनगर रोड स्थित डॉ. अंबेडकर जिला विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया और रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद को 110.55 करोड़ रुपये की 19 विकास योजनाओं की सौगात दी, जिनमें 14 योजनाओं का शिलान्यास और 5 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

विज्ञान संग्रहालय बनेगा नवाचार का केंद्र

मुख्यमंत्री ने विज्ञान संग्रहालय का भ्रमण कर इंटरएक्टिव मॉडल, वैज्ञानिक प्रदर्शनों और आधुनिक उपकरणों का अवलोकन किया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उन्हें विज्ञान आधारित गतिविधियों की जानकारी दी।

सीएम धामी ने कहा कि यह संग्रहालय केवल प्रदर्शनी स्थल नहीं बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं के लिए आधुनिक विज्ञान शिक्षण एवं नवाचार केंद्र के रूप में कार्य करेगा। यहां बच्चे प्रयोगों और गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान को व्यवहारिक रूप में समझ सकेंगे, जिससे उनमें जिज्ञासा, अनुसंधान और वैज्ञानिक सोच विकसित होगी।

कंडोलिया महोत्सव को मिला राजकीय महोत्सव का दर्जा

मुख्यमंत्री ने कंडोलिया मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कंडोलिया महोत्सव को राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि यह महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को नई पहचान देने का सशक्त मंच है।

110 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 110 करोड़ रुपये की लागत से शुरू की गई 19 विकास परियोजनाएं क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएंगी। इन योजनाओं से विकास, रोजगार और पर्यटन को नई गति मिलेगी।

विकास और विरासत दोनों पर फोकस

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। चारधाम यात्रा लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और राज्य सरकार हाउस ऑफ हिमालय, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, मिलेट मिशन, नई पर्यटन एवं फिल्म नीति, स्वरोजगार और होमस्टे योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है।

युवाओं के लिए सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

यूसीसी और सख्त कानूनों का जिक्र

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सनातन संस्कृति और सामाजिक सौहार्द की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण फैसले लागू किए गए हैं।

पौड़ी के विकास को मिलेगी नई दिशा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की पहली एनसीसी अकादमी, एनआईटी परिसर, गंगा संस्कृति केंद्र, सिंगटाली पुल, पौड़ी-श्रीनगर मार्ग चौड़ीकरण, झील निर्माण, ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक और खेल अवस्थापना जैसी परियोजनाएं क्षेत्र में विकास, रोजगार और पर्यटन की नई संभावनाएं पैदा करेंगी।

कार्यक्रम में विधायक राजकुमार पोरी, विधायक दलीप सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पं. राजेंद्र अण्थवाल, जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ अशोक जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें