देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं, शिक्षा, पर्यटन, शहरी एवं ग्रामीण निकायों और कुंभ मेला-2027 से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए करीब 1096 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के अंतर्गत जनपद नैनीताल के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में कोटाबाग के पतलिया स्थित गुरूणी नाले पर पुल निर्माण के लिए 9.43 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इसके साथ ही रामगढ़ विकासखंड के मोहन बाजार मुक्तेश्वर में कार पार्किंग निर्माण कार्य के लिए 9.89 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान करते हुए प्रथम किश्त के रूप में 3.95 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छठे राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत सभी शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के लिए 328.27 करोड़ रुपये तथा तीन गैर निर्वाचित निकायों को पहली छमाही के लिए 3 करोड़ रुपये जारी करने को मंजूरी दी है। इस प्रकार कुल 331.27 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इसके अलावा त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं के लिए जिला पंचायतों को पहली तिमाही हेतु 82.20 करोड़ रुपये, क्षेत्र पंचायतों को पहली छमाही के लिए 75.46 करोड़ रुपये और ग्राम पंचायतों को 194.61 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन दिया गया है। कुल मिलाकर पंचायतीराज संस्थाओं के लिए 352.27 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रारंभिक शिक्षा के तहत अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए 160 करोड़ रुपये के प्रावधान के सापेक्ष पहली किश्त के रूप में 80 करोड़ रुपये जारी करने को मंजूरी दी है। वहीं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले छह माह के लिए 300 करोड़ रुपये जारी किए जाने का अनुमोदन भी प्रदान किया गया है।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत शहरी विकास विभाग की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है। हरिद्वार में शंकराचार्य चौक, देवपुरा चौक, चंद्राचार्य चौक और आर्यनगर चौक के आंतरिक मार्गों के नवीनीकरण कार्य के लिए 6.44 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा रानीपुर मोड़, शंकर आश्रम, शिव मूर्ति चौक और झंडा चौक के जंक्शन सुधार एवं सौंदर्यीकरण के लिए 6.83 करोड़ रुपये तथा कुंभ मेला क्षेत्र में आधुनिक ईवी रोड स्वीपिंग मशीनों की आपूर्ति और संचालन के लिए 5.95 करोड़ रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संबंधित विभागों को सभी विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ जल्द मिल सके।











