April 1, 2026 2:20 am

चम्पावत को मिली ₹36.83 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने किया शिलान्यास व लोकार्पण

चम्पावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत जिले के विकास को गति देने के लिए 36.83 करोड़ रुपये की 17 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 7.12 करोड़ रुपये की लागत से बनी 4 योजनाओं का लोकार्पण और 29.71 करोड़ रुपये की लागत वाली 13 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से विकास का लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा और चम्पावत तेजी से “आदर्श जनपद” के रूप में आगे बढ़ेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गांधी चौक में स्थापित 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का भी विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है, जो हर नागरिक को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने का संकल्प इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि जिले में 117 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से गोलज्यू कॉरिडोर का निर्माण कार्य जारी है।

स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए जिला चिकित्सालय में 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का आधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित किया गया है। साथ ही लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 57 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा साइंस सेंटर बच्चों को आधुनिक विज्ञान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ने में मदद करेगा, जिससे वे वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हो सकेंगे। इसके अलावा शारदा कॉरिडोर के निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

खेल क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के लिए लोहाघाट में 257 करोड़ रुपये की लागत से राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज बनाया जा रहा है। साथ ही भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में ड्राई पोर्ट और बुजुर्गों के लिए लगभग 8.99 करोड़ रुपये की लागत से वृद्धाश्रम का निर्माण भी किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीर सैनिकों, वीर नारियों और पर्यावरण मित्रों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और कहा कि राज्य सरकार विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, भूतपूर्व सैनिक, वीर नारियां और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें