चमोली/रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने शनिवार को बदरीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने दोनों धामों में यात्रा व्यवस्थाओं और मास्टर प्लान के तहत चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत बदरीनाथ धाम पहुंचे राज्यपाल गुरमीत सिंह का प्रशासनिक अधिकारियों और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। मंदिर पहुंचकर उन्होंने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया।
राज्यपाल ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं से मुलाकात कर यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने तीर्थयात्रियों से संवाद करते हुए उनके सुझाव और अनुभव भी जाने। इस दौरान उन्होंने बदरीनाथ धाम में चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों, रिवर फ्रंट और अन्य विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने यात्रा संचालन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। साथ ही उन्होंने यात्रियों के अनुशासन को भी सराहनीय बताया।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे भक्ति और अनुशासन के साथ दर्शन करें तथा स्थानीय उत्पादों को खरीदकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा दें।
इसके बाद राज्यपाल गुरमीत सिंह केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने विश्व कल्याण, मानवता की समृद्धि और उत्तराखंड के सतत विकास की कामना की।
केदारनाथ धाम में भी राज्यपाल ने श्रद्धालुओं से बातचीत कर यात्रा व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और दर्शन व्यवस्था को लेकर संतोष जताया।
राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाए और यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य किया जाए।











