March 21, 2026 4:06 am

देवीधुरा के वाराही धाम मंदिर नव निर्माण का शिलान्यास, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा– देवभूमि की आध्यात्मिक विरासत को देंगे भव्य स्वरूप

देहरादून/चम्पावत: पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास से वाराही धाम देवीधुरा, चम्पावत में आयोजित मंदिर के नव निर्माण कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाराही धाम के नव निर्माण कार्यों का शुभारम्भ होना सभी के लिए सौभाग्य का क्षण है। उन्होंने कहा कि मां वाराही का यह प्राचीन धाम सदियों से श्रद्धा, आस्था और शक्ति का केंद्र रहा है। यहां आयोजित होने वाला प्रसिद्ध बग्वाल मेला वीरता, परंपरा और सामूहिक आस्था का अद्भुत संगम है, जिसे राज्य सरकार द्वारा राजकीय मेला भी घोषित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां वाराही मंदिर का नव निर्माण इसे और अधिक भव्य और आकर्षक स्वरूप प्रदान करेगा। यह धाम आस्था के साथ-साथ विकास और समृद्धि का भी प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थित चारधाम, शक्तिपीठ, सिद्धपीठ और अन्य मंदिर हमारी सनातन परंपरा और सांस्कृतिक पहचान के जीवंत प्रतीक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण एवं पुनरुत्थान का कार्य भी किया जा रहा है। राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को भव्य स्वरूप देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। इसके तहत केदारखंड के साथ ही मानसखंड के पौराणिक मंदिरों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शारदा कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। 179 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास का शिलान्यास किया गया है, जबकि लगभग 430 करोड़ रुपये की लागत से गोल्ज्यू कॉरिडोर के निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

इसके अलावा लोहाघाट के छमनिया में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक एथलेटिक सिंथेटिक ट्रैक और लगभग 257 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। वहीं राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से भवन और छात्रावास का निर्माण कार्य जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए रीठा साहिब क्षेत्र में लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से सड़क नवीनीकरण और सुधार कार्य पूरे किए गए हैं। साथ ही शहीद शिरोमणी चिल्कोटी मोटर मार्ग के सुधार कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लोहाघाट में फायर स्टेशन के प्रशासनिक भवन का निर्माण किया जा रहा है, जबकि देवीधुरा में पुलिस चौकी का निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में दिल्ली और देहरादून से भेजा गया हर पैसा पारदर्शिता के साथ डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, वाराही शक्ति पीठ ट्रस्ट के संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी, निर्मल माहरा और श्याम नारायण पाण्डे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें