July 28, 2026 12:12 am

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी, नीलकंठ और रामनगर में मल्टीस्टोरी पार्किंग बनेगी

देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शहरी विकास विभाग, पेयजल विभाग और लोक निर्माण विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बैठक के दौरान शहरी विकास विभाग की ओर से पौड़ी गढ़वाल के नीलकंठ महादेव और नैनीताल के रामनगर में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण कार्य को मंजूरी दी गई। नीलकंठ महादेव में प्रस्तावित पार्किंग की कुल लागत 5183.65 लाख रुपये तथा रामनगर में मल्टीस्टोरी पार्किंग की लागत 3857.64 लाख रुपये निर्धारित की गई है। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि पार्किंग निर्माण से संबंधित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए और प्रवेश व निकासी के लिए टर्निंग रेडियस सहित सभी तकनीकी पहलुओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने नीलकंठ महादेव में पार्किंग निर्माण से पहले भूमि का जियोटेक्निकल सर्वे अनिवार्य रूप से कराए जाने और भवन के बाहरी स्वरूप के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक में पेयजल विभाग के चार प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। इनमें पीपलकोटी नगर पंचायत पेयजल योजना (2438.32 लाख रुपये), तिलवाड़ा नगर पंचायत पेयजल योजना (3986.24 लाख रुपये) और ऊखीमठ नगर पंचायत पेयजल योजना (2578.52 लाख रुपये) शामिल हैं। इसके अलावा लालकुआं नगर पंचायत की सीवर लाइन परियोजना (37.95 लाख रुपये) को भी स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने ग्रेविटी आधारित पेयजल योजनाओं में मीटर लगाने और सीवर लाइन परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

समिति ने लोक निर्माण विभाग के काठगोदाम बाईपास मार्ग परियोजना को भी मंजूरी दी। इस परियोजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग पर 3.500 किलोमीटर मार्ग और 75 मीटर स्पान का पुल बनाया जाएगा, जिसकी कुल लागत 1177.93 लाख रुपये निर्धारित की गई है।

बैठक में सचिव आर. राजेश कुमार, पंकज कुमार पाण्डेय, दिलीप जावलकर और रणवीर सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें