June 9, 2026 11:29 pm

221 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, सीएम धामी बोले- पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से बदली उत्तराखंड की तस्वीर

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा पशुपालन विभाग में चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि यह चयन युवाओं की मेहनत, संघर्ष और लगन का परिणाम है तथा उनके चेहरों की मुस्कान इस बात का प्रमाण है कि सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नई स्टार्टअप नीति, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और युवा प्रोत्साहन योजनाओं के जरिए युवाओं को आर्थिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के कारण युवाओं के सपनों के साथ अन्याय होता था, लेकिन आज रिकॉर्ड समय में पारदर्शी तरीके से भर्तियां पूरी हो रही हैं। राज्य सरकार ने नकल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई करते हुए देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है और युवाओं के भविष्य से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने विभागों को निर्देश दिए कि सभी रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाए और चयनित अभ्यर्थियों से सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण और संतुष्टि के मंत्र को अपनाकर आम जनता की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नए अभ्यर्थी केवल सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत-2047 के संकल्प के सहभागी हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि अब प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी मेहनत के दम पर सरकारी नौकरी मिल रही है और तय समय में नियुक्ति पत्र भी दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के तहत 173 अनुदेशक, चार वैयक्तिक सहायक और पशुपालन विभाग में नौ वैयक्तिक सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में बिना सिफारिश और पूरी पारदर्शिता के साथ नियुक्तियां हो रही हैं। उन्होंने बताया कि शहरी विकास विभाग में पिछले दो वर्षों में 215 लोगों को नियुक्ति दी जा चुकी है और इस बार विभाग के 35 सहायक लेखाकारों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अणथ्वाल, भूपेंद्र कंडारी, सचिव नितेश झा, अपर सचिव सी. रविशंकर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें