June 14, 2026 10:12 pm

उत्तराखंड की मतदाता सूची हुई फ्रीज, 15 सितंबर तक नए वोटर नहीं जुड़ेंगे

देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया शुरू होने से पहले चुनाव आयोग ने प्रदेश की मतदाता सूची फ्रीज कर दी है। अब 15 सितंबर 2026 तक न तो नए वोटर जोड़े जाएंगे और न ही किसी नाम को हटाया जाएगा। हालांकि इस दौरान नए आवेदन जरूर किए जा सकेंगे, लेकिन उन पर कार्रवाई अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद ही होगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार प्रदेश में 29 मई से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके तहत जिला स्तर पर 7 जून तक प्रशिक्षण कार्यक्रम चलेंगे, जबकि 8 जून से 7 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य करेंगे।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची “रीड ओनली मोड” में रहेगी। यानी मौजूदा डेटा में किसी भी प्रकार का तत्काल संशोधन नहीं किया जाएगा। 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद सभी लंबित आवेदनों पर कार्रवाई शुरू होगी।

15 सितंबर तक ये काम रहेंगे प्रभावित

  • नए वोटर जोड़ने, नाम कटवाने और संशोधन की प्रक्रिया रुकी रहेगी
  • वोटर आईडी कार्ड की प्रिंटिंग और डिलीवरी अस्थायी रूप से बंद रहेगी
  • बीएलओ और ईआरओ स्तर पर आवेदन स्वीकृत या निरस्त नहीं किए जाएंगे
  • एक विधानसभा क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में पता परिवर्तन की प्रक्रिया भी फिलहाल रुकी रहेगी

चुनाव आयोग का कहना है कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और पारदर्शी बनाना है, ताकि डुप्लीकेट, मृत और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जा सकें और पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल किया जा सके।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें