देहरादून: उत्तराखंड में चार वर्ष बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया गया। राजभवन में आयोजित शपथ समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पांच विधायकों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नए मंत्रियों में मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, भरत चौधरी, राम सिंह कैड़ा और खजानदास शामिल हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार के तहत रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विधायक भरत चौधरी को मंत्री बनाया गया है। देहरादून की राजपुर विधानसभा सीट से विधायक खजानदास को भी मंत्रिमंडल में स्थान मिला है। इसके साथ ही हरिद्वार जिले की रुड़की विधानसभा सीट से विधायक प्रदीप बत्रा और हरिद्वार विधानसभा सीट से विधायक मदन कौशिक को भी मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं नैनीताल जिले की भीमताल विधानसभा सीट से विधायक राम सिंह कैड़ा को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।
लंबे समय से मंत्रिमंडल में खाली पड़े पांच पदों को भरने को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। अंततः इन पदों पर नए चेहरों को जिम्मेदारी देकर सरकार ने संगठन और क्षेत्रीय संतुलन साधने का प्रयास किया है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह मंत्रिमंडल विस्तार महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार ने क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए उन विधायकों को मंत्रिमंडल में स्थान दिया है, जिनके कार्यों का प्रदर्शन बेहतर माना गया। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब सरकार से विकास कार्यों में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।











