July 28, 2026 4:22 am

उत्तराखंड : 10 आईएएस और एक आईएफएस अधिकारी के कार्यभार में बदलाव, एल फैनई से आबकारी विभाग वापस लिया गया

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने लंबे समय से प्रतीक्षित भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों की तबादला सूची जारी कर दी है। कार्मिक विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत 10 आईएएस और एक आईएफएस अधिकारी की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस सूची में कई महत्वपूर्ण विभागों का पुनर्वितरण किया गया है।

प्रमुख सचिव एल फैनई से आबकारी विभाग की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है। वहीं सचिव नितेश कुमार झा से सूचना प्रौद्योगिकी विभाग हटाकर उन्हें पंचायती राज विभाग सौंपा गया है। अब तक शिक्षा विभाग संभाल रहे रविनाथ रमन से यह विभाग वापस लेकर उन्हें परिवहन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

आईएएस पंकज कुमार पांडे को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का दायित्व सौंपा गया है। आईएएस बृजेश कुमार संत को आबकारी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है और वे अब खनन के साथ आबकारी विभाग भी संभालेंगे। आईएएस सुरेंद्र नारायण पांडे को गन्ना विकास एवं चीनी विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।

केंद्र से प्रतिनियुक्ति पूरी कर लौटने वाली आईएएस ज्योति यादव को शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईएएस युगल किशोर पंत को सचिवालय प्रशासन का दायित्व दिया गया है, जबकि आईएएस रणवीर सिंह को वित्त विभाग की जिम्मेदारी मिली है। आईएएस अभिषेक रुहेला को अपर सचिव के रूप में राज्य संपत्ति विभाग का कार्यभार सौंपा गया है।

आईएफएस अधिकारी पराग मधुकर धकाते से पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है।

हालांकि शासन स्तर पर अभी और बदलाव की संभावना जताई जा रही है। नियोजन और कृषि महानिदेशक जैसे कुछ महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती अभी बाकी है, क्योंकि संबंधित अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा चुके हैं।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें