June 28, 2026 12:25 am

देहरादून : हाई सिक्योरिटी जोन में दिनदहाड़े चोरी, मंत्री-सीएम आवास के पास मंदिर से चांदी का छत्र ले उड़ा चोर

देहरादून। राजधानी देहरादून के हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र में स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। डालनवाला थाना क्षेत्र के दिलाराम बाजार स्थित मंदिर से अज्ञात चोर शिवलिंग पर चढ़ा चांदी का छत्र चोरी कर फरार हो गया। घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 4:45 बजे यह घटना उस समय हुई, जब दिलाराम बाजार में लोगों की अच्छी-खासी आवाजाही थी। चोरी की जानकारी मंदिर के पुजारी राजेंद्र प्रसाद थपलियाल को शाम के समय हुई। इसके बाद मंदिर प्रबंधन समिति ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें एक व्यक्ति शिवलिंग से चांदी का छत्र उतारकर उसे अपने कपड़ों में छिपाते हुए मंदिर से निकलता दिखाई दिया।

घटना के बाद मंदिर से जुड़े अरविंद प्रसाद ने डालनवाला कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि जिस मंदिर में चोरी हुई, वहां से कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का सरकारी आवास मात्र लगभग 400 मीटर की दूरी पर स्थित है। वहीं राजभवन और मुख्यमंत्री आवास भी करीब एक किलोमीटर के दायरे में हैं। पूरे क्षेत्र में चौबीसों घंटे पुलिस की तैनाती रहती है, इसके बावजूद दिनदहाड़े हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

कोतवाली डालनवाला प्रभारी नरेंद्र सिंह गहलावत ने बताया कि मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें