April 11, 2026 2:50 am

चारधाम यात्रा के लिए सख्त एक्शन प्लान तैयार, अफवाह फैलाने वालों पर होगी FIR: सीएम धामी

देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सरकार ने व्यापक और सख्त एक्शन प्लान तैयार किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कहा है कि यात्रा के दौरान अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित, स्वच्छ और तकनीकी रूप से मजबूत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

हाईटेक होगी यात्रा, CCTV और AI से निगरानी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर CCTV और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित निगरानी प्रणाली लागू की जाए, जिससे रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके।

ग्रीन और क्लीन यात्रा पर विशेष जोर
सीएम धामी ने कहा कि पिछले वर्ष शुरू की गई ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा मुहिम को इस बार और व्यापक बनाया जाएगा। इसके तहत यात्रा मार्गों पर प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था लागू की जाएगी और पर्याप्त संख्या में कलेक्शन बॉक्स लगाए जाएंगे।

अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि यात्रा को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती से मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

हेलिकॉप्टर सेवाओं पर सख्त निगरानी
पिछले वर्ष हुए हादसों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने हेलिकॉप्टर सेवाओं की नियमित फिटनेस जांच अनिवार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही ओवरलोडिंग से बचने और सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

जरूरी वस्तुओं की नहीं होगी कमी
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यात्रा मार्गों पर गैस, पेट्रोल, डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त कर रोजाना मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।

भीड़ नियंत्रण के लिए सख्त प्लान
धामों में दर्शन के लिए लंबी कतारों से बचने के लिए स्लॉट मैनेजमेंट और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ऑफलाइन पंजीकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाने और प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर दिया गया।

ट्रैफिक और कानून व्यवस्था पर फोकस
सीएम ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए। मुख्य स्थानों पर पुलिस और होमगार्ड की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार किए जाएं।

ओवर रेटिंग पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने दुकानदारों द्वारा अधिक कीमत वसूलने की शिकायतों पर सख्त रुख अपनाते हुए सभी दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। बैठक में वरिष्ठ मंत्री, मुख्य सचिव और पुलिस के उच्च अधिकारी सहित संबंधित जिलों के अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें