देहरादून/रुद्रप्रयाग: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित चारधाम यात्रा को लेकर दुष्प्रचार फैलाने वालों पर धामी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो और अफवाहें फैलाकर यात्रा को बदनाम करने की कोशिशों पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
जनपद रुद्रप्रयाग में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान एक भ्रामक वीडियो संज्ञान में आया, जिसमें केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं को दर्शन से वंचित किए जाने की गलत जानकारी प्रसारित की जा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सोनप्रयाग में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रशासन के अनुसार ऐसे 4-5 और संदिग्ध वीडियो भी चिन्हित किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है और दोषियों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
चारधाम यात्रा को बदनाम करने की साजिश बेनकाब
राज्य सरकार ने साफ किया है कि चारधाम यात्रा पूरी तरह सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। यात्री सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, ट्रैफिक प्रबंधन, आपदा सुरक्षा और डिजिटल मॉनिटरिंग के जरिए श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
सरकार ने कहा कि यात्रा को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह या दुष्प्रचार को जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लिया जाएगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की 24×7 निगरानी की जा रही है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीएम धामी का सख्त संदेश
मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट कहा है कि उत्तराखंड की आस्था, श्रद्धा और चारधाम यात्रा की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें और किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सामग्री को साझा न करें।
चारधाम यात्रा को प्रभावित करने की किसी भी साजिश के खिलाफ सरकार और पुलिस पूरी तरह सतर्क है और दुष्प्रचार करने वालों पर शिकंजा लगातार कसा जा रहा है।











