August 10, 2026 11:31 am

खड़गे के कार्यक्रम से पहले हल्द्वानी में हंगामा, एसएसपी कार्यालय में धरने पर बैठे कांग्रेस नेता

हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम से पहले हल्द्वानी में सियासी माहौल गरमा गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और वहीं धरने पर बैठ गए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खड़गे की जनसभा में शामिल होने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से हल्द्वानी पहुंच रही कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बसों को पुलिस प्रशासन जगह-जगह रोक रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है।

धरने पर बैठे नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर आ रही बसों को बेवजह रोका जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन सरकार के एजेंट के रूप में काम कर रहा है और कांग्रेस के कार्यक्रम को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे लोगों को इस तरह रोकना उचित नहीं है।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बसों को तत्काल कार्यक्रम स्थल तक जाने की अनुमति देने की मांग की। एसएसपी कार्यालय में धरने के चलते हल्द्वानी में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। अब पुलिस प्रशासन की ओर से कांग्रेस के आरोपों पर क्या जवाब दिया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें