March 10, 2026 5:18 pm

उत्तराखंड: अपर सचिव समाज कल्याण ओमकार सिंह की बदली जिम्मेदारी, अब मिला ये नया प्रभार

देहरादून: उत्तराखंड सचिवालय में अपर सचिव के तौर पर जिम्मेदारी देख रहे ओमकार सिंह को अब नया प्रभार दिया गया है. ओमकार सिंह अब तक समाज कल्याण की जिम्मेदारी देख रहे थे. जबकि, अब उन्हें पुनर्गठन में तैनाती दी गई है. उधर, केदारनाथ चुनाव के बाद शासन समेत जिलों में भी कुछ दूसरे बड़े बदलाव किए जाने की संभावना है.

अपर सचिव समाज कल्याण ओमकार सिंह को नया प्रभार

उत्तराखंड शासन में अपर सचिव समाज कल्याण ओमकार सिंह से समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी वापस लेते हुए पुनर्गठन विभाग का प्रभार दिया गया है. हालांकि, पहले से ही उनकी जिम्मेदारी बदले जाने को लेकर चर्चाएं तेज थी, ऐसे में गुरुवार को कार्मिक विभाग के संयुक्त सचिव श्याम सिंह ने इससे जुड़ा आदेश जारी कर दिया.

अपर सचिव ओमकार सिंह सचिवालय सेवा के अधिकारी हैं और शासन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां को संभाल चुके हैं. पिछले दिनों ओमकार सिंह ने अपने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी से अवमुक्त किए जाने का आग्रह किया था. हालांकि, उनकी ओर से खुद को बाध्य प्रतीक्षा में रखे जाने के लिए कहा गया था, लेकिन शासन ने उन्हें पुनर्गठन विभाग की जिम्मेदारी दी है.

3 महीने में रिटायर होने वाले हैं ओमकार सिंह

खास बात ये भी है कि ओमकार सिंह अगले 3 महीने में रिटायर होने वाले हैं. ऐसे में रिटायरमेंट से पहले अपने खराब स्वास्थ्य के कारण वो ज्यादा काम का बोझ नहीं उठा पाने की जानकारी भी शासन के बड़े अधिकारियों को दे चुके थे. इसके बाद शासन ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से हटाने का निर्णय लिया.

उधर, दूसरी तरफ उत्तराखंड में रेलवे सेवा के अधिकारियों को भी कार्य मुक्त करने की तैयारी चल रही है. दरअसल, ये अधिकारी उत्तराखंड में प्रतिनियुक्ति पर तैनात हैं और अब इन्हें शासन से रिलीव करने की खबरें मिल रही है. इसके पीछे का कारण ये है कि रेलवे ने राज्य में प्रतिनियुक्ति पर मौजूद दो रेलवे के अधिकारी नरेंद्र जोशी और डॉक्टर हरीश को वापस भेजे जाने से जुड़ा पत्र लिखा है. हालांकि, खबर है कि सरकार फिलहाल कुछ महीनों के लिए इन अधिकारियों को मौजूदा जिम्मेदारी पर ही बने रहने का मौका दे सकती है.

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें