February 14, 2026 4:34 am

रिश्ते हुए तार-तार, देहरादून मे मां ने 12 लाख की सुपारी देकर करा दी बेटे की हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार

देहरादून: तिब्बती मार्केट में हुई अर्जुन शर्मा हत्याकांड का खुलासा हो गया है. करोड़ों रुपए की संपत्ति, लेकिन कुछ लाखों रुपए की लालच में मां ने अपने बेटे की हत्या करवाई थी. अर्जुन का अपनी मां और उसके सहयोगियों के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. जिसके चलते उसकी मां और उसके सहयोगियों ने उसे (अर्जुन) को रास्ते से हटाने के लिए 12 लाख रुपए में दो सगे भाइयों से सौदा किया था.

घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी दोनों सगे भाई मुठभेड़ में घायल हुए हैं. चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों पर रोके जाने पर आरोपियों ने पुलिस पर फायर भी किया था. साथ ही घटना की साजिश में शामिल और मुकदमे में नामजद उसकी मां समेत उसके 2 अन्य सहयोगियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है.

तिब्बती मार्केट के बाहर मारी गई थी गोली: बता दें कि 11 फरवरी को सुबह कोतवाली डालनवाला को सूचना मिली थी कि तिब्बती मार्केट के पास एक व्यक्ति को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए दून अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

वहीं, मृतक व्यक्ति की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर (देहरादून) के रूप में हुई. अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे. घटना के संबंध में मृतक अर्जुन शर्मा की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने अपनी सास बीना शर्मा, विनोद उनियाल, संगीता उनियाल और डॉक्टर अजय खन्ना पर गंभीर आरोप लगाए थे.

अभिलाषा शर्मा का कहना था कि उनकी सास बीना शर्मा का पैसों के लेन-देन होने के कारण उनके पति अर्जुन शर्मा ने विरोध किया था. विरोध करने पर उनका अपनी माता के साथ विवाद हो गया. इस संबंध में उनका न्यायालय में भी वाद चल रहा था.

इसी विवाद के चलते अभिलाषा ने अपनी सास समेत अन्य सभी व्यक्तियों पर उनके पति की हत्या कराए जाने का शक जताया. जिसके संबंध शिकायत भी दी गई. जिसके आधार पर कोतवाली डालनवाला में मुकदमा दर्ज किया गया. जिसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया.

इसके साथ ही पूरे जिले में नाकेबंदी कर नगर और देहात क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया गया. घटनास्थल व उसके आस पास के सीसीटीवी की फुटेजों को खंगाले गए. जिसमें स्कूटी सवार 2 व्यक्तियों की ओर से घटना को अंजाम देने का मामला सामने आया.

11 फरवरी की रात में हुई मुठभेड़: वहीं, चेकिंग अभियान के दौरान 11 फरवरी की रात में रायपुर पुलिस ने लाडपुर क्षेत्र में सीक्यूएआई तिराहे से आगे जंगल की ओर से आ रहे एक व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया, लेकिन व्यक्ति पुलिस टीम पर फायर कर जंगल की ओर भाग गया.

पुलिस की आत्मरक्षा में किए गए जवाबी फायरिंग में उस व्यक्ति के पैर पर गोली लग गई. मौके से आरोपी के पास से 315 बोर का 1 तमंचा और 1 खोखा कारतूस बरामद हुआ. इसके बाद देर रात डोईवाला पुलिस ने चेकिंग के दौरान लालतप्पड़ चौकी के सामने बैरियर पर देहरादून की ओर से आ रही एक स्कूटी को रोका गया.

पुलिस को देखकर स्कूटी सवार व्यक्ति वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा. जिस पर पुलिस की टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस की टीम पर फायर कर पास में स्थित बंद पड़ी बिरला फैक्ट्री के अंदर भाग गया और अंदर से पुलिस टीम पर फायर करने लगा.

ऐसे में पुलिस टीम ने अपने बचाव में जवाबी फायरिंग किए. जिसमें आरोपी के पैर पर गोली लग गई. मौके से पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से 1 तमंचा, 1 जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किया गया. लाडपुर क्षेत्र में घायल बदमाश ने अपना नाम राजीव उर्फ राजू निवासी इंदिरा कॉलोनी चुक्खुवाला देहरादून बताया.

वहीं, लालतप्पड़ क्षेत्र में घायल बदमाश ने अपना नाम पंकज राणा बताया. दोनों आरोपियों ने परेड ग्राउंड तिब्बती मार्केट के पास अर्जुन शर्मा नाम के व्यक्ति की तमंचे से गोली मारकर हत्या करना स्वीकार किया गया. पुलिस ने मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को इलाज के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया.

राजीव और पंकज निकले सगे भाई: आरोपियों के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमले के संबंध में रायपुर और कोतवाली डोईवाला में धारा 109 बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमा दर्ज किया गया. पूछताछ में उन्होंने बताया कि वो दोनों सगे भाई हैं. जो मूल रूप से कोटद्वार (पौड़ी) के रहने वाले हैं.

वर्तमान में दोनों अपने परिवार के साथ चुक्खुवाला कोतवाली क्षेत्र में रह रहे हैं. आरोपी पंकज राणा, विनोद उनियाल के पास ड्राइवर का काम करता है और आरोपी राजीव ऑटो चलाने का काम करता है. विनोद उनियाल, उनके परिचित डॉक्टर अजय खन्ना और बीना शर्मा (अर्जुन की मां) का अर्जुन शर्मा से प्रॉपर्टी व पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था.

अजय खन्ना की बीना शर्मा के बीच 14 करोड़ रुपए में हुई थी प्रॉपर्टी की डील: पहले दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था. डॉक्टर अजय खन्ना की अर्जुन शर्मा की मां बीना शर्मा से जीएमएस रोड स्थित उनकी संपत्ति को खरीदने की एवज में 14 करोड़ रुपए में डील हुई थी.

जिसमें से अब तक 8 करोड़ रुपए उसकी ओर से बीना शर्मा को दिए जा चुके थे, लेकिन अर्जुन शर्मा ने उसकी मां की ओर से बेची गई प्रॉपर्टी पर न्यायालय से स्टे ले लिया था. इतने पैसे देने के बाद और प्रॉपर्टी पर कब्जा न मिल पाने के कारण अजय खन्ना काफी परेशान चल रहा था.

बीना शर्मा से अपने पैसे वापस मांग रहा था अजय खन्ना: वो बीना शर्मा पर अपने पैसे वापस देने का दबाव बना रहा था, जिसे लेकर मां बेटे के बीच अक्सर विवाद व झगड़ा होता रहता था. बीना शर्मा ने अपने बेटे से खुद को असुरक्षित बताते हुए हाईकोर्ट से सुरक्षा हासिल की थी.

अर्जुन शर्मा को रास्ते से हटाने की बनाई योजना: संपत्ति पर अर्जुन शर्मा की ओर से विक्रय पर स्टे लेने और मोटी धनराशि देने के बावजूद भी न्यायालय में वाद के लंबित रहने व प्रॉपर्टी पर मालिकाना हक नहीं मिलने पर बीना शर्मा, अजय खन्ना और विनोद उनियाल ने अर्जुन शर्मा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.

राजीव और पंकज के साथ 12 लाख में मर्डर का सौदा: ऐसे में उनका दोनों सगे भाइयों राजीव और पंकज से 12 लाख रुपए में सौदा तय हुआ था. जिसमें से 3 लाख रुपए दोनों आरोपियों को एडवांस मिल गए थे और बाकी के पैसे काम होने के बाद मिलने थे.

पैसों के लालच में दोनों भाइयों ने हत्या को दिया अंजाम: पैसों के लालच में दोनों आरोपियों ने अर्जुन शर्मा की दिनचर्या की जानकारी लेकर 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के पास अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना से पहले और घटना के बाद आरोपी पंकज राणा ने विनोद उनियाल से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया था. घटना के बाद रात में आरोपी उसके घर भी गया था.

मां बीना शर्मा ने की थी मुखबिरी: विवेचना के दौरान गवाहों के बयानों से यह तथ्य मिले कि बीना शर्मा ने अर्जुन शर्मा के मैनेजर विजय से कुछ दिन पहले उसकी दिनचर्या के संबंध में जानकारी ली थी, क्योंकि अपनी मां से हुए विवाद के चलते अर्जुन शर्मा अपने परिवार के साथ इंदिरा नगर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था.

आरोपियों से पूछताछ और विवेचना के दौरान पता चला कि हत्या के षडयंत्र में शामिल होने संबंधी तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में नामजद तीन अन्य आरोपी विनोद उनियाल, डॉक्टर अजय खन्ना और बीना शर्मा को गिरफ्तार किया, जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है.

मुठभेड़ में गिरफ्तार हत्याकांड के दोनों मुख्य आरोपी पंकज राणा और राजीव का पुलिस की ओर से न्यायालय से रिमांड कराया गया है. जबकि, उसकी मां समेत 2 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है.“- अजय सिंह, एसएसपी, देहरादून

गिरफ्तार आरोपियों के नाम-

  1. पंकज राणा पुत्र अभय राम सिंह, निवासी- 61/3 इंदिरा कॉलोनी, चुक्खुवाला, देहरादून
  2. राजीव उर्फ राजू पुत्र अभय राम सिंह, निवासी- 61/3 इंदिरा कॉलोनी, चुक्खुवाला, देहरादून
  3. बीना शर्मा पत्नी स्व आरसी शर्मा, निवासी- 40/1 वसंत विहार, देहरादून
  4. विनोद उनियाल पुत्र घनश्याम उनियाल, निवासी- गैलेक्सी लैक्सोटिका अपार्टमेंट, 31 इंदर रोड, डालनवाला, देहरादून
  5. अजय खन्ना पुत्र जेपी खन्ना, निवासी- 12 ईसी रोड, डालनवाला, देहरादून

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें