August 27, 2026 4:01 am

अंकिता भंडारी केस में CBI पर बढ़ा दबाव, कार्यालय की प्रतीकात्मक तालाबंदी कर जवाब मांगने पहुंचे आंदोलनकारी

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच को लेकर गुरुवार को देहरादून स्थित सीबीआई कार्यालय के बाहर आंदोलनकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि सीमा द्वार स्थित कार्यालय पहुंचे और प्रतीकात्मक रूप से कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगाकर जांच की प्रगति पर सवाल उठाए।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सीबीआई कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आंदोलनकारी दूसरे प्रवेश द्वार तक पहुंच गए और वहां भी प्रतीकात्मक तालाबंदी की। इस दौरान सीबीआई अधिकारियों ने कार्यालय परिसर के भीतर से आंदोलनकारियों से बातचीत की। प्रदर्शनकारियों ने जांच की प्रगति और कथित रूप से लंबित पूछताछ को लेकर कई सवाल उठाए, लेकिन जवाबों से असंतुष्ट होकर उन्होंने मुख्य गेट पर भी ताला जड़ दिया।

आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि जांच शुरू हुए कई महीने बीत जाने के बाद भी मामले के कई अहम पहलुओं पर स्पष्टता नहीं आई है। उन्होंने कथित वीआईपी की पहचान सार्वजनिक करने, कुछ नामजद व्यक्तियों से पूछताछ, बुलडोजर कार्रवाई के दौरान संभावित साक्ष्य नष्ट किए जाने के आरोपों की जांच और अंकिता भंडारी के परिजनों से अब तक पूछताछ नहीं किए जाने जैसे मुद्दे उठाए।

प्रदर्शन के दौरान सीबीआई जवाब दो”, अंकिता भंडारी को न्याय दो”, वीआईपी को गिरफ्तार करो” और साक्ष्य मिटाने वालों पर कार्रवाई करो” जैसे नारे लगाए गए। वक्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा, न्याय व्यवस्था की पारदर्शिता और जवाबदेही का भी सवाल है।

कार्यक्रम में कमला पंत, सुजाता पॉल, निर्मला बिष्ट, त्रिलोचन भट्ट, मोहित डिमरी, एडवोकेट अलमास सिद्दीकी, शंकर गोपाल, ललित उत्तराखंडी, विनोद कुमार धस्माना सहित कई सामाजिक संगठनों और जन आंदोलनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान जनगीत भी प्रस्तुत किए गए और आंदोलन को आगे भी जारी रखने का ऐलान किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जांच में पारदर्शिता नहीं दिखाई गई और उठाए गए सवालों पर स्पष्ट जवाब नहीं मिला तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी स्तर पर और तेज किया जाएगा।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें