देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर शुक्रवार को देहरादून पहुंचीं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। राष्ट्रपति अपने प्रवास के दौरान देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन में रात्रि विश्राम करेंगी।
एक साल में तीसरी बार देहरादून दौरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह एक वर्ष के भीतर देहरादून का तीसरा दौरा है। इससे पहले जून 2025 में उन्होंने राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति तपोवन का लोकार्पण किया था, जबकि नवंबर 2025 में राष्ट्रपति निकेतन में हार्स एरिना और मुख्य मार्ग पर बने फुटओवर ब्रिज का उद्घाटन करने देहरादून आई थीं। लगातार तीसरी यात्रा को राज्य के लिए विशेष महत्व का माना जा रहा है।
IMA की पासिंग आउट परेड में रहेंगी मुख्य अतिथि
शनिवार को राष्ट्रपति भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में आयोजित 158वें रेगुलर कोर्स और 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वह परेड का निरीक्षण करेंगी और देश-विदेश के जेंटलमैन कैडेट्स को संबोधित भी करेंगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। पुलिस और प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं। साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने विशेष डायवर्जन प्लान भी लागू किया है।
ट्रैफिक डायवर्जन प्लान
- सुबह 5:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी।
- पासिंग आउट परेड के दौरान आईएमए क्षेत्र जीरो जोन रहेगा और सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
- बल्लूपुर से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों को रांघड़वाला तिराहा–मीठी बेरी मार्ग से भेजा जाएगा।
- प्रेमनगर से शहर की ओर आने वाले छोटे वाहनों को एमटी गेट–मीठी बेरी गेट–रांघड़वाला मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
- सेलाकुई और भाऊवाला से आने वाले भारी वाहनों को धूलकोट तिराहा–सिंघनीवाला–नयागांव मार्ग से शहर की ओर भेजा जाएगा।
- देहरादून से विकासनगर जाने वाले भारी वाहनों को शिमला बाईपास के रास्ते धर्मावाला की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें और यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सहयोग करें।











