March 27, 2026 3:07 am

दुर्गा अष्टमी पर कन्या पूजन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कन्याओं के चरण छूकर लिया आशीर्वाद

देहरादून/हल्द्वानी/रामनगर: चैत्र नवरात्रि की अष्टमी और रामनवमी के अवसर पर उत्तराखंड में श्रद्धा और आस्था के साथ कन्या पूजन किया गया। देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कन्या पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं हल्द्वानी में स्वच्छता कर्मियों की कन्याओं के लिए विशेष कन्या भोज का आयोजन किया गया और रामनगर में मां गिरिजा की ज्योत यात्रा निकाली गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामनवमी के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में कन्या पूजन कर देवी स्वरूपा बालिकाओं का सम्मान किया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मुख्यमंत्री ने कन्याओं के चरण पखारे, उन्हें भोजन कराया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें कर्तव्यनिष्ठा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा प्रदेश निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी का पर्व मर्यादा, आदर्शों और नैतिक मूल्यों के प्रति हमारी आस्था को मजबूत करता है। कन्या पूजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो नारी सम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।

उधर हल्द्वानी नगर निगम में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर स्वच्छता कर्मियों की लगभग डेढ़ सौ कन्याओं के लिए कन्या भोज का आयोजन किया गया। नगर निगम परिसर में विधि-विधान से माता का पूजन और हवन किया गया। इसके बाद कन्याओं को सम्मानपूर्वक बैठाकर भोजन कराया गया और उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया गया। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि पर्यावरण मित्रों की कन्याओं को भोजन कराना सच्ची सेवा और आस्था का प्रतीक है।

महापौर ने बताया कि उनके कार्यकाल में यह दूसरा अवसर है जब चैत्र नवरात्रि में इस प्रकार का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर उपस्थित स्वच्छता कर्मियों और कन्याओं की माताओं ने भी नगर निगम के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सम्मान और अपनत्व का संदेश देते हैं।

वहीं रामनगर में अष्टमी और नवमी के अवसर पर धार्मिक आस्था का भव्य दृश्य देखने को मिला। पर्वतीय जन जागृति प्रयास सेवा समिति द्वारा आयोजित विशाल जागरण के तहत मां गिरिजा की ज्योत यात्रा निकाली गई। यह यात्रा पैड़पड़ाव क्षेत्र से शुरू होकर मां गिरिजा देवी धाम तक पहुंची। यात्रा के दौरान मां गिरिजा की झांकियां, डोला और ज्योत के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें