July 8, 2026 12:43 am

30 जुलाई से शुरू होगी कांवड़ यात्रा, मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दिये तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित होने वाली यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्य सचिव ने कहा कि 31 जुलाई से 4 अगस्त तक पड़ने वाले पंचक काल में श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की संभावना है। इसे देखते हुए रूट प्लान, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया जाए। उन्होंने कांवड़ पटरियों और प्रमुख पड़ाव स्थलों पर पर्याप्त पेयजल, मोबाइल शौचालय, नियमित सफाई, कूड़ा उठान, फॉगिंग, कीटनाशक छिड़काव और पथ प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को यात्रा मार्ग पर अस्थायी सेक्टर अस्पताल, प्राथमिक उपचार केंद्र, बीएलएस और बाइक एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही हरिद्वार आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थलों के विस्तार और मरम्मत, राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैरिकेडिंग, मार्ग सुधार और साफ-सफाई के कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।

मुख्य सचिव ने यूपीसीएल को यात्रा मार्गों पर बिजली आपूर्ति का ऑडिट कराने और भविष्य के लिए स्थायी विद्युत व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा के तहत होटल, ढाबों, भंडारों, अस्थायी खाद्य स्टॉलों और दुग्ध उत्पाद विक्रेताओं की नियमित जांच एवं सैंपलिंग कराने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, पड़ोसी राज्यों के साथ अंतरराज्यीय समन्वय बैठक जल्द आयोजित करने तथा कांवड़ यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विनोद कुमार सुमन, धीरज गर्ब्याल, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप सहित हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी और टिहरी के जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें