February 23, 2026 4:57 am

CM धामी से मिले आईटीबीपी महानिदेशक, सीमांत विकास और सुरक्षा समन्वय पर हुई चर्चा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा, सीमांत क्षेत्रों के विकास कार्यों तथा आपदा प्रबंधन में बेहतर समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सीमाओं की सुरक्षा में आईटीबीपी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड जैसे सीमावर्ती राज्य में आईटीबीपी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में तैनात जवान न केवल देश की सुरक्षा में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं, बल्कि स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत जिलों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, स्वास्थ्य, संचार और अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ कर सीमांत क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास लगातार जारी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार और आईटीबीपी के बीच बेहतर तालमेल से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी।

आईटीबीपी महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा प्रबंधन, आधुनिक संसाधनों और बल की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समन्वय बनाए रखने का भरोसा दिलाया।

बैठक में पर्वतीय क्षेत्रों में आपदा राहत एवं बचाव कार्यों में आईटीबीपी की सक्रिय भूमिका पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय आईटीबीपी ने तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर प्रदेशवासियों का विश्वास जीता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “सुरक्षित सीमा, सशक्त उत्तराखंड” के संकल्प के साथ राज्य सरकार सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर कार्य कर रही है, ताकि सीमांत क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास की मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने भविष्य में राज्य सरकार और आईटीबीपी के मध्य नियमित संवाद और प्रभावी समन्वय बनाए रखने पर बल दिया।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें