February 9, 2026 4:25 pm

गणेश गोदियाल का सरकार पर बड़ा हमला, कहा- सभी व्यवस्थाएं पटरी से उतरी, 16 तारीख को राजभवन का करेंगे घेराव

देहरादून: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सरकार पर समाज में विघटन पैदा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे उत्तराखंड में हर व्यवस्था पटरी से उतर गई है. उन्होंने राज्य की बिगड़ी कानून व्यवस्था, भाजपा की तरफ से चुनाव के समय में किए गए वादों पर कहा कि यह सब विषय धीरे धीरे समय के साथ धराशायी होते जा रहे हैं.

उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर ऐसी बातों को जन्म दे रही है, जिससे समाज मे विघटन की स्थिति पैदा हो सके. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला सुरक्षा, रोजगार समेत अन्य मुद्दों पर जुमलेबाजी करके अपना पल्ला झाड़ रही है. इसलिए सरकार को मनरेगा का नाम बदले जाने और श्रमिकों का हक मारने की कोशिशों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने 16 फरवरी को राजभवन घेराव का ऐलान किया है. उन्होंने राज्य सरकार की तरफ से लगातार बिजली के दामों में की जा रही बढ़ोतरी पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य सरकार विद्युत नियामक आयोग में घटौती कर रही है और बिजली के दामों में वृद्धि कर रही है.

इन्हीं सब मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी आगामी 16 तारीख को राजभवन घेराव करने जा रही है. गणेश गोदियाल का कहना है कि राज्य में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, भाजपा के जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं करने के विरोध में कांग्रेस पार्टी 16 तारीख को सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने जा रही है.

कांग्रेस पार्टी के 16 फरवरी को आयोजित विशाल राज भवन घेराव कार्यक्रम की तैयारी को लेकर लगातार बैठकें की जा रही है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और संगठन महामंत्री राजेंद्र भंडारी राजभवन घेराव तैयारियों की खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं और लगातार बैठकें कर रहे हैं. पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक कार्यक्रम में सभी वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य, सभी अनुषांगिक संगठन, विभाग और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भाग लेंगे.

प्रदर्शन में प्रमुख रूप से मनरेगा का नाम बदले जाने, राज्य में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, ध्वस्त कानून व्यवस्था, बेरोजगारी जैसे समसामयिक मुद्दे होंगे. प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने सभी वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी है. भ्रष्टाचार अपराध बेरोजगारी के खिलाफ होने जा रहे इस प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पार्टी का कहना है कि प्रदेश भर के ज्वलंत विषयों को लेकर राजभवन घेराव किया जाएगा, और जनता के हक की निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी.

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें