देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए पूर्व विधायकों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पूर्व विधायकों ने मुख्यमंत्री को उत्तराखंड के मुख्य सेवक के रूप में सर्वाधिक कार्यकाल पूरा करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पूर्व विधायकों ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने सरकार द्वारा लिए गए जनहितकारी निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि इनका सकारात्मक प्रभाव प्रदेशभर में देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व विधायकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का अनुभव और मार्गदर्शन राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शिता, सुशासन और जनसेवा के साथ प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी, दिनेश अग्रवाल, देशराज कर्णवाल, लाखीराम जोशी, पुष्पेश त्रिपाठी, धन सिंह नेगी, केदार सिंह रावत, राजकुमार, विजया बड़थ्वाल, सुरेश चंद्र आर्य और जोत सिंह गुनसोला सहित अन्य पूर्व विधायक उपस्थित रहे।










