खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह क्षेत्र खटीमा के चकरपुर स्थित प्राचीन पांडव कालीन मंदिर वनखंडी महादेव में पहुंच जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की. इस अवसर पर सीएम धामी ने भोलेनाथ से प्रदेश वासियों की सुख समृद्धि की भी कामना की. सीएम धामी ने प्राचीन वन खंडी महादेव मंदिर के विकास को प्लान के तहत आगे बड़ा इस धार्मिक स्थल को भव्य एवं दिव्य बनाए जाने की बात कही, वहीं, सभी श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं भी दी.
बीती देर शाम अपने गृह क्षेत्र पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार की सुबह खटीमा के चकरपुर स्थित प्राचीन पांडव कालीन वन खंडी महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की. इस अवसर पर सीएम धामी ने जलाभिषेक दुग्धाभिषेक कर भोले नाथ से प्रदेश वासियों के सुख समृद्धि की कामना की. वहीं, पूजा अर्चना के उपरांत सीएम धामी का मंदिर समिति द्वारा भव्य स्वागत अभिनंदन किया गया. सीएम धामी ने मंदिर में दूर दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दी.
सीएम धामी ने कहा वनखंडी महादेव मंदिर दिव्य एवं प्राचीन है. इस मंदिर को भव्य एवं दिव्य बनाने की दिशा में लगातार जारी किया जा रहा है. आने वाले समय में यह प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में विख्यात हो उसके लिए प्लान के तहत काम किया जाएगा. मंदिर के विकास के साथ साथ धार्मिक पर्यटन विकसित हो इसके लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं.
बता दें मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की वनखंडी महादेव मंदिर में अपार आस्था है. सीएम हर वर्ष महाशिव रात्रि के अवसर पर इस मंदिर में पहुंच जलाभिषेक करते हैं. साथ ही सीमांत क्षेत्र के सबसे अधिक दिनों तक चलने वाले मेले का भी शुभारंभ करते हैं. सीएम के प्रयासों से लगातार इस प्राचीन मंदिर को करोड़ों की लागत से भव्य एवं दिव्य बनाया जा रहा है.
वकीलों को सीएम धामी की सौगात
इसके साथ ही सीएम धामी ने खटीमा के सिविल न्यायालय में पहुंचकर अधिवक्ताओं के लिए लगभग एक करोड़ की लागत से बने चैंबर्स का लोकार्पण किया. चेंबर निर्माण पर खुशी का इजहार करते हुए खटीमा बार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया. साथी उन्होंने मुख्यमंत्री से अन्य चैंबर्स के निर्माण के लिए 5 करोड़ की घोषणा की भी मांग की. वहीं, मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर खटीमा सिविल न्यायालय में क्रम बद्ध तरीके से अन्य चैंबर्स निर्माण के लिए खटीमा बार को आश्वस्त किया.











