June 14, 2026 9:58 pm

नीति घाटी को धामी की बड़ी सौगात, बॉर्डर टूरिज्म और होम स्टे विकास को लेकर की कई घोषणाएं

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नीति घाटी के विकास को नई दिशा देते हुए सीमांत क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। जनपद चमोली में आयोजित ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के पुरस्कार वितरण समारोह में वर्चुअल माध्यम से जुड़े मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि नीति, मलारी, कोशा, फरकिया, बाम्पा, गुरगुटी, कैलाशपुर और महरगांव में सामुदायिक सहभागिता आधारित पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके तहत सामुदायिक होम स्टे विकसित किए जाएंगे और ग्रामीण पर्यटन के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि नीति घाटी के प्रमुख गांवों और पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुविधा के लिए साइनज और व्यू प्वाइंट विकसित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने रिमखिम और बाड़ाहोती क्षेत्र में बॉर्डर टूरिज्म को प्रोत्साहित करने के लिए ‘सीमा दर्शन केंद्र’ स्थापित करने की भी घोषणा की। इसके अलावा ग्राम गमशाली स्थित दुप्फूधार मैदान में आधारभूत सुविधाओं का विकास कराया जाएगा, जिससे साहसिक पर्यटन और बड़े आयोजनों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध हो सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से नीति घाटी देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बनाएगी।

मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं का स्थानीय लोगों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों ने स्वागत किया है। माना जा रहा है कि इन योजनाओं से सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, स्वरोजगार और आधारभूत विकास को नई गति मिलेगी।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें