देहरादून। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक कार्यालय में सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना रायपुर पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। गिरफ्तार आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर अरविंद पुंडीर उर्फ कल्ली के साथ लक्ष्मण नवानी, राकेश थपलियाल और अक्षय राणा शामिल हैं।
यह मामला 21 फरवरी को रायपुर क्षेत्र के ननूरखेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना से जुड़ा है। उस दिन रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ अपने समर्थकों के साथ एक विद्यालय का नाम भूमि दानदाता के नाम पर रखने की मांग को लेकर निदेशक कार्यालय पहुंचे थे।
इस दौरान वार्ता के बीच विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों द्वारा कार्यालय में कुर्सियां व अन्य सामान फेंककर तोड़फोड़ की गई। घटना में कुछ लोगों को चोटें भी आईं।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल की तहरीर पर लोक सेवक के कार्य में बाधा, मारपीट, बलवा, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, जान से मारने की धमकी और गाली-गलौज सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं, विधायक की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल सुशील रमोला की शिकायत पर भी संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ चोट पहुंचाने और हमला करने के आरोप में अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।











