July 4, 2026 11:42 pm

‘मुख्य सेवक’ के रूप में धामी के पांच साल पूरे, विकास का श्रेय पीएम मोदी और डबल इंजन सरकार को दिया

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड के ‘मुख्य सेवक’ के रूप में अपने कार्यकाल के पांच वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए विकास कार्यों का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र-राज्य की डबल इंजन सरकार को दिया। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों की जनसेवा की यात्रा प्रदेश की सवा करोड़ जनता के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद को समर्पित है।

सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने विकास, सुशासन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, भू-कानून को मजबूत करना तथा मदरसा बोर्ड की जगह उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की स्थापना जैसे फैसलों ने उत्तराखंड को सुशासन, समानता और पारदर्शिता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित की गई और पिछले साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई। इसके साथ ही सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, निवेश और रोजगार को बढ़ावा, सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार तथा चारधाम सहित धार्मिक और पर्यटन अवसंरचना के विकास में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

उन्होंने कहा कि सैनिकों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गईं। सौर ऊर्जा, होमस्टे और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ ही चारधाम यात्रा और पर्यटन गतिविधियों से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालय’ पहल के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिल रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन, एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों की शुरुआत तथा सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) में राज्य के बेहतर प्रदर्शन ने उत्तराखंड के विकास के नए रास्ते खोले हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और जनता के सहयोग से विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को हासिल किया जाएगा।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें