June 22, 2026 1:33 am

कांग्रेस ने 2027 चुनाव की तैयारियां शुरू कीं, 28 जून से चलाया जाएगा प्रदेशव्यापी जन जागरूकता अभियान

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। पार्टी ने 28 जून से प्रदेशभर में जन जागरूकता अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। इस अभियान के जरिए कांग्रेस सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को जनता के बीच मुद्दा बनाते हुए सीधे संवाद स्थापित करेगी।

शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने अभियान की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस प्रदेश की बदहाल शिक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, बढ़ती बेरोजगारी, पेपर लीक प्रकरण, भ्रष्टाचार, महंगाई और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

कांग्रेस ने पहले चरण में प्रदेश के 10 जिलों को चार जोन में विभाजित कर अभियान चलाने की रणनीति बनाई है। पहले जोन में पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत जिले शामिल किए गए हैं, जिनकी जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल संभालेंगे। दूसरे जोन में रुद्रप्रयाग, पौड़ी और चमोली को रखा गया है, जहां चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत अभियान का नेतृत्व करेंगे।

तीसरे जोन में उत्तरकाशी और टिहरी जिले शामिल हैं, जहां प्रीतम सिंह स्वयं अभियान की कमान संभालेंगे। वहीं चौथे जोन में अल्मोड़ा और नैनीताल जिले रखे गए हैं, जिनकी जिम्मेदारी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को सौंपी गई है।

प्रीतम सिंह ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को सभी जोनों में प्रचार अभियान में भाग लेने की स्वतंत्रता दी गई है। पार्टी चाहती है कि दोनों वरिष्ठ नेता प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं और जनता के बीच जाकर कांग्रेस के पक्ष को मजबूती से रखें।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह अभियान केवल चुनावी तैयारी नहीं, बल्कि जनता को सरकार की कथित विफलताओं से अवगत कराने का प्रयास है। पार्टी का दावा है कि जनसंवाद और जनसंपर्क के माध्यम से प्रदेश में बदलाव की जमीन तैयार की जाएगी तथा आगामी विधानसभा चुनाव में इसका लाभ कांग्रेस को मिलेगा।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें