देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों में कांग्रेस ने तेजी ला दी है। पार्टी ने चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने के साथ-साथ घोषणा पत्र (मेनिफेस्टो) तैयार करने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। पॉलिटिकल अफेयर कमेटी के सुझावों के आधार पर चुनावी रोडमैप तैयार किया जा रहा है।
प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा की अध्यक्षता में कमेटी की बैठक में आगामी चुनाव को लेकर विभिन्न रणनीतियों पर चर्चा की गई। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने बताया कि पार्टी का घोषणा पत्र जनता की बुनियादी जरूरतों और स्थानीय मुद्दों को केंद्र में रखकर तैयार किया जाएगा, ताकि आम लोगों की अपेक्षाओं को प्राथमिकता दी जा सके।
यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस ब्लॉक, न्याय पंचायत, ग्राम और पोलिंग बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की योजना पर गंभीरता से काम कर रही है। कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने और बूथ एजेंटों को मजबूत करने की रणनीति भी तैयार की जा रही है, जिससे चुनावी तैयारियों को मजबूती मिल सके।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। पार्टी संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर चुनावी अभियान को धार देने की तैयारी कर रही है।
कांग्रेस का कहना है कि आगामी चुनाव में जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा, जबकि पार्टी भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और सरकार के कामकाज को भी चुनावी मुद्दा बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।











