मेरठ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की प्रथम रीजनल रैपिड रेल यानी नमो भारत के शेष हिस्से और मेरठ ट्रेन का रविवार को शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि आज विकसित उत्तर प्रदेश व विकसित भारत की नई क्रांति को ऊर्जा मिल रही है। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
कांग्रेस ने वैश्विक आयोजन को गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बनाया
प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी आपने देखा कि भारत में एआइ सम्मेलन हुआ। दुनियाभर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए। एआइ सम्मेलन से देश को गर्व हुआ। यह सम्मेलन भारत के भाग्य को बदलने के लिए हुआ, लेकिन कांग्रेस ने भारत के वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया।
समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतारकर पहुंच गए। कांग्रेस वालों से पूछना चाहता हूं कि आप तो पहले से ही नंगे हो। कपड़े उतारने की क्यों जरूरत पड़ गई। कांग्रेस के नेताओं ने आज जो कुछ किया वह दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी वैचारिक रूप से कितनी दिवालिया हो चुकी है, कितनी चरित्रहीन हो गई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसी गांव में समारोह हो पूरा गांव उस समारोह को सफल बनाने में जुट जाता है, ताकि गांव की छवि अच्छी हो, लेकिन कांग्रेस अपने ही देश को बदनाम करने में जुटी है।
‘पूरा देश कांग्रेस पर थू थू कर रहा‘
कांग्रेस के नेताओं को मोदी से नफरत है। ये लोग मेरी कब्र खोदना चाहते हैं। मेरी मां को गाली देने से पहरहेज नहीं करते। उन्हें भाजपा से विरोध है। एनडीए से विरोध है। ठीक है, आपकी राजनीति में करना जरूरी है। समझ सकते हैं, लेकिन कांग्रेस को याद रखना चाहिए था एआइ समिट भाजपा का समारोह नहीं था। यह देश का कार्यक्रम था। देश के सम्मान का कार्यक्रम था लेकिन कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ दी। अब पूरा देश कांग्रेस पर थू थू कर रहा है।
दिल्ली में किराए के घर में रहने की मजबूरी खत्म होगी
प्रधानमंत्री ने कहा कि रैपिड व मेट्रो से हजारों लोगों को फायदा होगा। कामकाज के लिए रोजाना दिल्ली आ जा सकेंगे। जो लोग दिल्ली में नौकरी करते हैं और उनका घर मेरठ में है। उनके लिए अब दिल्ली में किराए के घर में रहने की मजबूरी खत्म होगी। पश्चिम उप्र में ही देखिए कैसे कैसे एक्सप्रेसवे बन रहे हैं। कारिडोर बन रहे है। जेवर में एयरपोर्ट बन रहा है। इससे रोजगार के अवसर बढ़े हैं।
कहा कि यूपी की धरती धर्म की धरती है। यहां के किसान, पशुपालक, लघु उद्यमी हों, बुनकर हों या शिल्पकार सभी विरासत और विकास के मंत्र को साकार कर रहे हैं। भारत आगे बढ़ रहा है।
आजकल देख रहे हैं दुनिया के लोगों के मन में भारत के प्रति कितनी आस्था है। दुनिया के अनेक विकसित देश आज भारत के साथ व्यापारिक समझौते कर रहे हैं। एक समय था जब कांग्रेस की सरकार चाह कर भी विकसित देशों के साथ समझौते नहीं कर पाती थी। जब घोटाले के लिए बदनाम सरकार ने समझौते करने में दुनिया को पीछे छोड़ दिया।
विकसित देश भारत के साथ जुड़ने के उत्सुक
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज विकसित देश भारत के साथ जुड़ने के साथ उत्सुक है। उन्हें अपना भविष्य दिखता है, उम्मीदें दिखती हैं। पीएम ने कहा कि मेरठ के कैंची, बल्ला, खुर्जा-सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी, ज्वेलरी से जुड़े उद्योगों को लाभ होने वाला है।
भाजपा की प्राथमिकता शहरों को दुनिया के कोने-कोने तक ले जाने का है। यूपी के अलग-अलग जिलों की पहचान बनाना है। कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 95 हजार करोड़ रुपये भेज चुके हैं। इसमे मेरठ के किसानों को भी 800 करोड रुपये मिले हैं। एक तरफ आज देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए मेहनत कर रहे हैं वहीं विपक्षी भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं।











