April 3, 2026 4:38 am

बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का हमला, हरक सिंह रावत ने सरकार को घेरा

देहरादून: प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने देहरादून में हुई हालिया घटनाओं का हवाला देते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि देहरादून के राजपुर क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की गोली लगने से हुई मौत ने राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद सरकार ने पुलिस को सख्ती बरतने के निर्देश दिए और ऑपरेशन प्रहार शुरू किया, लेकिन कांग्रेस का कहना है कि इससे हालात में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा है।

हरक सिंह रावत ने कहा कि केवल अधिकारियों का तबादला करने या जिले का कप्तान बदलने से कानून व्यवस्था ठीक नहीं हो सकती। उनका आरोप है कि प्रदेश में पिछले कई महीनों से आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और दिनदहाड़े वारदातें हो रही हैं, जिससे आम जनता में डर का माहौल बन गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि राजधानी देहरादून में पहली बार इस तरह की घटनाएं देखने को मिल रही हैं, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो जाती है और आरोपी फरार हो जाते हैं। उनके अनुसार यह स्थिति राज्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश में शराब, भू-माफिया और खनन माफिया सक्रिय हैं, जिसके कारण कानून व्यवस्था कमजोर होती जा रही है। उन्होंने सरकार से कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

 

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें