March 1, 2026 5:08 am

हल्द्वानी में CM धामी का दौरा: 147 करोड़ की 40 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, वनभूलपुरा प्रकरण पर दी प्रतिक्रिया

हल्द्वानी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक दिवसीय हल्द्वानी दौरे के दौरान विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए जनपद नैनीताल के लिए कुल 147 करोड़ 28 लाख 56 हजार रुपये की लागत वाली 40 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

23 योजनाओं का लोकार्पण, 17 का शिलान्यास

कार्यक्रम में 72 करोड़ 38 लाख रुपये की 23 योजनाओं का लोकार्पण और 74 करोड़ 90 लाख 56 हजार रुपये की 17 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से नैनीताल जनपद को विकास की नई गति मिलेगी और प्रदेश विकसित राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

लोकार्पित योजनाओं में शिप्रा नदी पर 30 मीटर स्पान का मोटर पुल, आईटीआई हल्द्वानी में टेक्नोलॉजी लैब, विभिन्न क्षेत्रों में नलकूप निर्माण, महिला महाविद्यालय में लैब निर्माण और जल जीवन मिशन के तहत 14 पेयजल योजनाएं शामिल हैं। पशु चिकित्सालय रामगढ़ भवन सहित अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।

शिलान्यास की गई परियोजनाओं में कसियालेख-धारी मोटर मार्ग, रानीबाग-खुटानी सड़क, चाफी-पदमपुरी-धानाचूली मार्ग, 28 एमएलडी एसटीपी निर्माण, नवाबी रोड सीवरेज कार्य और नारीमन तिराहे से गौलापार तक सड़क मरम्मत जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, विशेष सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत 154 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से हल्द्वानी-काठगोदाम स्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना का भूमि पूजन भी किया गया।

एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वर्चुअल उपस्थिति में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने इसे मातृशक्ति के स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

समीक्षा बैठक और कानून व्यवस्था पर चर्चा

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने एफटीआई सभागार में कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

वनभूलपुरा प्रकरण पर प्रतिक्रिया

वनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मामले का निस्तारण पहले ही हो जाना चाहिए था और अब न्यायालय के अंतरिम आदेश के बाद जिला प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा।

दौरे के अंत में मुख्यमंत्री ने एक निजी अस्पताल का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रही है और ऐतिहासिक निर्णयों के माध्यम से प्रदेश को नई पहचान दी जा रही है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें