July 8, 2026 11:48 pm

CM धामी ने हरिद्वार मे किया रामकथा में प्रतिभाग, कुंभ-2027 को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने का दोहराया संकल्प

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार स्थित प्रेमनगर आश्रम में आयोजित पूज्य मोरारी बापू की श्रीराम कथा के समापन समारोह में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सनातन संस्कृति, भगवान श्रीराम के आदर्शों और आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की पावन धरा पर आध्यात्मिक सुख और आनंद की अनुभूति होती है तथा पूज्य मोरारी बापू विश्वभर में भारतीय संस्कृति और सनातन दर्शन का संदेश पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब दुनिया युद्ध, हिंसा और आतंकवाद जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है, तब भारत की सनातन संस्कृति का वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक पुनर्जागरण के दौर से गुजर रहा है और उत्तराखंड सरकार देवभूमि को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। इसके तहत केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर तथा प्राचीन मंदिरों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण की योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन और तीर्थ यात्राओं ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में दो माह के भीतर ही 45 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं हेमकुंड साहिब यात्रा में डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं तथा कैलाश मानसरोवर यात्रा में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि 5 जुलाई को कैलाश मानसरोवर यात्रा के प्रथम दल को रवाना करने का अवसर उन्हें प्राप्त हुआ, जो राज्य में विकसित हो रहे बेहतर बुनियादी ढांचे और सुरक्षित यात्रा प्रबंधन का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने आगामी कुंभ-2027 को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि कुंभ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का महापर्व है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास भी, विरासत भी” के मंत्र के साथ देवभूमि की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि संतों के आशीर्वाद और जनसहभागिता से उत्तराखंड आध्यात्मिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

कार्यक्रम में परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, राज्य मंत्री सुनील सैनी, देशराज कर्णवाल, नितिन गौतम, अजीत चौधरी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें