August 10, 2026 10:02 am

CM धामी ने 9 लाख 87 हजार 17 पेंशन लाभार्थियों को किया 146 करोड़ 32 लाख रुपये की पेंशन राशि का भुगतान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9 लाख 87 हजार 17 लाभार्थियों को जुलाई 2026 की पेंशन राशि का सीधे बैंक खातों में हस्तांतरण किया। लाभार्थियों को कुल 146 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरण किया जा रहा है, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल सके।

उन्होंने कहा कि बुजुर्ग माता-पिता, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को पेंशन के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यही सरकार का प्रयास है। प्रत्येक पात्र नागरिक तक उसका अधिकार सम्मानपूर्वक और समय पर पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

वृद्धावस्था पेंशन में सबसे अधिक लाभार्थी

जुलाई माह में विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत सबसे अधिक 6 लाख 15 हजार 628 लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन दी गई। इन्हें 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से 92 करोड़ 34 लाख रुपये का भुगतान किया गया।

विधवा पेंशन के 2 लाख 36 हजार 983 लाभार्थियों को 35 करोड़ 54 लाख रुपये, दिव्यांग पेंशन के 89 हजार 128 लाभार्थियों को 13 करोड़ 36 लाख रुपये तथा किसान पेंशन के 27 हजार 288 लाभार्थियों को 3 करोड़ 20 लाख रुपये की धनराशि दी गई।

इसके अलावा परित्यक्ता पेंशन, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली पेंशन और बौना पेंशन के लाभार्थियों को भी निर्धारित धनराशि का भुगतान किया गया।

समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि कुल लाभार्थियों में ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के लगभग 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं। इन लाभार्थियों को नवीन एसएनए स्पर्श प्रणाली के माध्यम से पेंशन का भुगतान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें