June 14, 2026 12:47 am

लाइनमैन की मौत पर सीएम धामी ने जताया शोक, परिजनों से फोन पर की बात, हरसंभव मदद का दिया भरोसा

देहरादून/खटीमा: खटीमा में ट्रांसफार्मर पर कार्य के दौरान करंट लगने से कॉन्ट्रैक्ट लाइनमैन रंजीत सिंह राणा की मौत के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक संतप्त परिवार से फोन पर बातचीत कर गहरी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

रंजीत सिंह राणा खटीमा विद्युत विभाग में एक ठेकेदार के अधीन लाइनमैन के रूप में कार्यरत थे। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। भाजपा के वरिष्ठ नेता नवीन भट्ट और पार्टी कार्यकर्ता मृतक के नौगवानाथ स्थित आवास पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री धामी ने मृतक के माता-पिता से फोन पर वार्ता की।

मुख्यमंत्री ने परिवार से कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है और हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने परिजनों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं और जरूरतों के प्रति सरकार पूरी तरह संवेदनशील है।

इस दौरान मृतक के माता-पिता ने परिवार की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री से आर्थिक सहायता और मृतक की पत्नी को नौकरी देने की मांग की। मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों पर सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।

वहीं, परिजनों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर पर कार्य शुरू करने से पहले शटडाउन मांगा गया था, लेकिन बिजली आपूर्ति बंद नहीं की गई, जिसके चलते रंजीत सिंह राणा करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। परिवार ने मामले में जिम्मेदार बिजली कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और मृतक की पत्नी को रोजगार देने की मांग की है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें