June 1, 2026 10:05 pm

पद्म भूषण सम्मान पर सीएम धामी ने भगत सिंह कोश्यारी को दी बधाई, बोले- उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के आवास पहुंचकर उन्हें भारत सरकार के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लंबे सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा, सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण के प्रति समर्पित योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी ने अपने राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में हमेशा जनसेवा, सादगी और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उत्तराखंड राज्य आंदोलन से लेकर प्रदेश के विकास और राष्ट्र निर्माण की विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, सांसद, राज्यपाल और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भगत सिंह कोश्यारी ने जो आदर्श स्थापित किए हैं, वे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक चेतना और विकास के विभिन्न आयामों को मजबूत बनाने में अहम योगदान दिया है। उनका अनुभव, मार्गदर्शन और राष्ट्र के प्रति समर्पण समाज को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।

सीएम बोले— जनसेवा के प्रति समर्पण का मिला राष्ट्रीय सम्मान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पद्म भूषण सम्मान भगत सिंह कोश्यारी के दशकों लंबे जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों की स्वीकृति है। यह सम्मान उत्तराखंड के लोगों के लिए भी गर्व और प्रेरणा का विषय है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें